भारत के संविधान के अनुसार मुख्यमंत्री (Chief Minister) राज्य की कार्यपालिका का वास्तविक प्रमुख होता है यद्यपि राज्य का संवैधानिक प्रमुख राज्यपाल (Governor) होता है, लेकिन शासन संचालन की वास्तविक शक्ति मुख्यमंत्री और उसकी मंत्रिपरिषद के पास होती है।
अनुच्छेद 164 (Article 164) के अनुसार मुख्यमंत्री व अन्य मंत्रियों की नियुक्ति राज्यपाल द्वारा की जाती है। राज्यपाल, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद (Council of Ministers) की सहायता से अपने कार्यों के निर्वहन करता है। इस प्रकार मुख्यमंत्री राज्य प्रशासन की नीति निर्माण प्रक्रिया का केंद्र बिंदु होता है।
छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद नियुक्त 04 मुख्यमंत्री –
1) अजीत जोगी (3 years, 34 days)
2) रमन सिंह (15 years, 10 days)
3) भूपेश बघेल (4 years, 358 days)
4) विष्णु देव साय (Present)
वर्तमान में विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री के रूप में कार्यरत हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत अपने गृह ग्राम बगिया से निर्विरोध सरपंच पद से हुई। इसके बाद वर्ष 1990 से 1998 तक वे दो कार्यकाल के लिए मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे।
वर्ष 1999 में वे 13वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं सार्वजनिक वितरण समिति के सदस्य बने। वर्ष 2000 से 2004 तक वे कृषि मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति से जुड़े रहे। वर्ष 2004 में वे पुनः 14वीं लोकसभा के लिए चुने गए और सूचना प्रौद्योगिकी समिति के सदस्य रहे। 2007 में वे जल संसाधन समिति से जुड़े। वर्ष 2009 में वे तीसरी बार 15वीं लोकसभा के सदस्य निर्वाचित हुए तथा वाणिज्य समिति में कार्य किया। वर्ष 2014 में वे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चौथी बार 16वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए।
वर्ष 2014 से 2019 तक उन्होंने भारत सरकार में इस्पात मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में तथा 2014 से 2016 तक खान मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं। वर्ष 2020 से 2022 तक वे भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष रहे। अंततः वर्ष 2023 में वे छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री बने और वर्तमान में राज्य का नेतृत्व कर रहे हैं।
***
